हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियां तेज, निर्माण कार्य दीपावली से पहले पूरा करने के निर्देश
हरिद्वार, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में सड़क मरम्मत और सौंदर्यीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार देर रात विभिन्न मार्गों और हरकी पैड़ी क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत भी दी।
जिलाधिकारी ने चंडी घाट चौक से शंकराचार्य चौक, प्रेम नगर चौक, सिंह द्वार, गुरुकुल कांगड़ी हाईवे और हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए चल रहे डामरीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण और मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्य केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि सड़कें टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण बनाई जाएं, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
हरकी पैड़ी क्षेत्र में मंदिरों, घाटों और पुलों के सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने इन्हें दीपावली से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। इसके लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और रात में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रभावी निगरानी करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय से काम करने तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, राष्ट्रीय राजमार्ग के डिप्टी मैनेजर प्रज्वल, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

