सड़क निर्माण को लेकर वार्ता में नहीं पहुंचे लोनिवि के अधिकारी, ग्रामीणों में आक्रोश
नई टिहरी, 04 नवंबर (हि.स.)। लंबगांव बाईपास सड़क के निर्माण को लेकर ग्रामीणों की शिकायत सुनने के लिए लोनिवि के अधिकारी समय पर नहीं पहुंचे। बीते मंगलवार को स्यालगी में अधिकारियों के साथ प्रस्तावित वार्ता के लिए ग्रामीण शाम तक इंतजार करते रहे। लेकिन अधिकारी शाम 6 बजे तक नहीं पहुंचे। जिस पर ग्रामीणों ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है।
आरोप है कि सिरकोली-पिपलोगी-स्यालगी बाईपास सड़क का निर्माण निर्धारित सर्वे और मानकों के अनुरूप नहीं हो रहा है। स्यालगी क्षेत्र में सड़क निर्माण के दौरान मनमाने ढंग से कटान किया गया है। इससे ग्रामीणों को आपत्ति है। वे निर्धारित सर्वे के अनुसार निर्माण की मांग कर रहे हैं। गत सप्ताह एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मिला था। जिस पर लोनिवि ने तीन नवंबर को स्यालगी पहुंचकर वार्ता का आश्वासन दिया था।
स्थानीय निवासी रामचंद्र कलूडा ने कहा कि सड़क निर्माण से जुड़ी समस्या के बारे में विभाग को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद ग्रामीणों की शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वार्ता का समय देने के बाद भी अधिकारी नहीं पहुंचे, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
इस मौके पर सुखदेव कलूडा, भगत कलूडा, सतपाल कलूडा, शिव सिंह कलूड़ा, गुलाब सिंह, सोहन सिंह, भूर्य सिंह कलूडा, बलबीर कलूडा, हंसा देवी, जस्सी देवी, भगवानी देवी, सीता देवी, फूलदेई देवी, शांता देवी, रीना देवी मौजूद थे। इस बाबत लोनिवि प्रांतीय खंड के ईई राजेंद्र टम्टा ने बताया कि वार्ता के लिए एई को जाना था। लेकिन उसी दिन आवश्यक मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई के लिए उन्हें जाना पड़ा। अब दीपावाली के बाद वार्ता की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

