home page

सौंदकोटी में कुत्ते का पीछा करते घर के किचन में घुसा गुलदार

 | 
सौंदकोटी में कुत्ते का पीछा करते घर के किचन में घुसा गुलदार


सौंदकोटी में कुत्ते का पीछा करते घर के किचन में घुसा गुलदार


नई टिहरी, 21 नवंबर (हि.स.)। टिहरी वन प्रभाग की टिहरी रेंज के अंतर्गत एक कुत्ते का पीछा करते-करते गुलदार सौंदकोटी गांव के भीम सिंह नेगी के किचन में जा घुसा। इस दौरान परिवार के सदस्य पास के घर में बारात में शामिल होने गए थे। किसी तरह लोगों ने किचन का दरवाजा लॉक कर गुलदार को कैद कर दिया। बाद में करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद गुलदार को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला।

वन दरोगा अजयपाल सिंह पंवार ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे चंबा ब्लॉक के सौंदकोटी गांव में गुलदार कुत्ते का पीछा करते-करते गांव के भीम सिंह नेगी के घर के किचन में जा घुसा। गनीमत रही कि इस दौरान उनका परिवार पास के घर में बारात में शामिल होने गया था। बताया कि इगास दीपावली और शादी में पटाखों के शोर के कारण गुलदार सहम गया और किचन में फंसा रहा।

इसकी भनक लगते ही भवन स्वामी भीम सिंह और अन्य ग्रामीणों ने साहस दिखाकर किचन का दरवाजा बंद किया। ग्राम प्रधान मंगल सिंह नेगी सहित अन्य ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। जिसके बाद वन दरोगा पंवार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने गांव पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कड़ी मशक्कत कर करीब ढाई घंटे बाद रात्रि 10.30 बजे गुलदार को ट्रैंक्यूलाइज कर पिंजरे में सुरक्षित निकाला गया। बताया कि गुलदार को वन चेतना केंद्र मेें रखा गया है। जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।

उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने, घरों के आसपास की झाडियां हटाने और पथ प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। वन विभाग की टीम में आजाद पंवार, जयवीर लाल, विनोद सिंह, दीपक रजवार शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी