सीमांत फिटनेस का संदेश : बद्रीनाथ धाम से माणा तक साइकिल यात्रा
ज्योर्तिमठ, 27 सितंबर (हि.स.)। माना पास एमटीबी चैलेंज –2026 के दौरान रविवार को सीमांत क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और यादगार दिन रहा। पहली बार भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा फिट इंडिया प्रोग्राम के अंतर्गत “संडे ऑन साईकिल” का भव्य आयोजन हिमालय के सीमांत क्षेत्र में किया गया। इस ऐतिहासिक पहल की शुरुआत श्री बद्रीनाथ धाम की पवित्र भूमि से हुई। भगवान बद्रीविशाल के मुख्य पुजारी श्री रावल द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, उनके आशीर्वाद के बाद साइकिल यात्रा बद्रीनाथ धाम से भारत के प्रथम गाँव माणा की ओर रवाना हुई।
बद्रीनाथ से माणा (भारत का पहला गांव) तक साइकिल यात्रा का मुख्य उद्देश्य हिमालय की ऊँचाइयों से फिटनेस का संदेश के साथ सीमांत गाँवों तक फिट इंडिया की पहल एवं पर्यावरण, स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी देना है।
माना पास एमटीबी चैलेंज के फाउंडर अजय भट्ट के अनुसार यह न केवल एक साइकिल कार्यक्रम रहा, बल्कि इसने सीमांत क्षेत्र के गाँवों में नई ऊर्जा, नई पहचान और नई पहल का संचार भी होगा, जो भविष्य मे रोजगार का भी जरिया बनेगा। उन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए भारतीय खेल प्राधिकरण का आयोजन समिति की ओर से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्राधिकरण ने फिट इंडिया के संदेश को देश के अंतिम छोर तक पहुँचाने का अवसर दिया।
भट्ट ने बद्रीनाथ, माणा और आसपास के सभी सीमांत गाँवों के ग्रामीणों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय प्रशासन, भारतीय सेना, आईटीबापी, स्वयंसेवकों और आयोजन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का आभार व्यक्त किया। बद्रीनाथ धाम व देश के पहले गाँव माणा मे पहली बार आयोजित साईकिल यात्रा ने पूरे देश को संदेश दिया कि “साइकिल चलेगी तो स्वास्थ्य बढ़ेगा, युवा जुड़ेंगे तो सीमांत मजबूत होगा और फिट भारत का सपना हिमालय से भी आगे जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण

