home page

सामाजिक कार्यों के लिए श्रीकांत को मिला राजीव गांधी गौरव अवार्ड

 | 
सामाजिक कार्यों के लिए श्रीकांत को मिला राजीव गांधी गौरव अवार्ड


पौड़ी गढ़वाल, 24 अगस्त (हि.स.)।अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच, नई दिल्ली की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित सद्भावना महोत्सव में पौड़ी मुख्यालय निवासी श्रीकांत को राजीव गांधी गौरव अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

अवार्ड समारोह में रोमा इंटरनेशनल कल्चर विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के चांसलर एवं समारोह अध्यक्ष डॉ. एचसी गणेशिया, राजस्थान के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. एपी सिंह समेत कई गणमान्य लोगों ने श्रीकांत को सम्मानित किया।

महोत्सव के दौरान विचार रखते हुए श्रीकांत ने अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच की कार्ययोजनाओं के साथ ही वैश्विक शांति, सामाजिक समरसता और भारत-नेपाल मैत्री के संदेश को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं।

श्रीकांत ने बताया कि आगामी दिसंबर में काठमांडू में प्रस्तावित सार्क सम्मेलन के सांस्कृतिक समन्वय सम्मेलन के लिए भी उन्हें आमंत्रित किया गया है। इस सम्मेलन के माध्यम से भारत-नेपाल सहित विभिन्न देशों के बीच सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा होगी।

सद्भावना महोत्सव में 25 देशों की 85 विशिष्ट प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, अधिवक्ता, चिकित्सक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सांस्कृतिक प्रतिनिधि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह