home page

ससुर पर बहु को जिंदा जलाने का आरोप

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 22 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के खिर्सू ब्लॉक के सिलाण गांव में एक विवाहित महिला को जिंदा जलाने आरोप लगा है। मायके पक्ष ने ससुर पर पेट्रोल छिड़ककर बहु को आग लगाकर मारने का आरोप लगाया है, साथ ही ससुराल पक्ष पर पीड़िता पर बयान बदलने के लिए दबाव बनाने की बात भी कही है। घायल महिला उमा देवी जिला अस्पताल पौड़ी में भर्ती है। डॉक्टरों के अनुसार वह करीब 15 प्रतिशत झुलसी है, लेकिन खतरे से बाहर है और उपचार जारी है।

मायके पक्ष का आरोप है कि 16 अप्रैल को घटना हुई, लेकिन उनको जानकारी नहीं दी गई। वही उमा के पति संतोष बिष्ट का कहना है कि यह हादसा रसोई में खाना बनाते समय हुआ। फिलहाल पीड़िता स्पष्ट बयान देने की स्थिति में नहीं है। पीड़िता के चाचा किरपाल सिंह ने बताया की उनकी भतीजी उमा देवी को उनके ससुर ने जलाकर मारने का प्रयास किया है। उमा ने उनको यह बात बताई है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।

वही, विधायक राजकुमार पोरी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने पीड़िता का हालचाल जाना और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने चिकित्सालय प्रशासन को बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, सीओ श्रीनगर अनुज कुमार ने बताया की मामले मे जाँच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह