सनातन और सेना का अपमान करने वालों को जनता देगी जवाबः धामी -
उधमसिंहनगर, 03 नवंबर (हि.स.)। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले मंगलवार को गांधी पार्क में आयोजित भाजपा की विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की ओर से निकाली जा रही न्याय यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को न्याय यात्रा निकालने के बजाय अपने कार्यकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल को भ्रष्टाचार, महिला अपराध और अत्याचारों से भरा बताते हुए राहुल गांधी पर सनातन धर्म, भारतीय सेना और देश के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाया। जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद अजय भट्ट और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कांग्रेस आज प्रदेश में न्याय यात्रा निकालकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में हुए भ्रष्टाचार और अत्याचारों का हिसाब जनता आज भी मांग रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को न्याय यात्रा निकालने के बजाय अपने पुराने कार्यकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने लगातार सनातन धर्म और देश की सांस्कृतिक परंपराओं को नीचा दिखाने का प्रयास किया है। उनकी राजनीति का उद्देश्य केवल विरोध करना रह गया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता के दिलों में बसते हैं।
इसके विपरीत कांग्रेस के नेता राजनीतिक हताशा में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जब भी सत्ता में रही, भ्रष्टाचार, महिला अपराध और अव्यवस्थाओं के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सत्ता से बाहर रहने के बाद भी कांग्रेस ने सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय देश और प्रदेश के विकास कार्यों में बाधा डालने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सेना के जवान कठिन परिस्थितियों में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता सेना की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हैं।
उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के प्रति राहुल गांधी की टिप्पणी को भी अनुचित बताते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले लोगों के प्रति इस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
उत्तराखंड राज्य आंदोलन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि एक सितंबर 1994 को खटीमा गोलीकांड में सात राज्य आंदोलनकारियों ने अपनी शहादत दी थी। उस समय उत्तर प्रदेश में मुलायम सिंह यादव की सरकार थी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी। मुजफ्फरनगर गोलीकांड को भी उत्तराखंड की जनता कभी नहीं भूल सकती। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से उत्तराखंड के लोगों को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता अपने सम्मान और स्वाभिमान के प्रति हमेशा सजग रही है और प्रदेश की अस्मिता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी निशाना साधते हुए हल्द्वानी में आयोजित उनकी रैली के बाद हुए विवाद का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सभी जाति और वर्गों के लोग आपसी सद्भाव के साथ रहते हैं। कांग्रेस के नेता राजनीतिक लाभ के लिए समाज में भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता उनके राजनीतिक मंसूबों को सफल नहीं होने देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। प्रधानमंत्री अब तक 28 बार उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं।
उनके मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में विकास की अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने नैनीताल और ऊधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मेडिकल कॉलेज, पंतनगर एयरपोर्ट के विकास, किच्छा में एम्स के सेटेलाइट सेंटर, जमरानी बांध परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण और सड़कों के चौड़ीकरण जैसे कार्यों को गिनाया। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि जब उसे लंबे समय तक प्रदेश और देश में सरकार चलाने का अवसर मिला था, तब इन बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए प्रभावी प्रयास क्यों नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।
जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनता के जनादेश का सम्मान करना आवश्यक है। राजनीतिक दलों को जनता के फैसले को स्वीकार करते हुए रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। मेनन ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक आधार उसकी कार्यकर्ता शक्ति और जनता के साथ निरंतर संपर्क है। पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए आगे बढ़ रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अपने संबोधन में कांग्रेस शासनकाल के दौरान हुए महिला अपराधों और भ्रष्टाचार के मामलों को उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज अंकिता भंडारी हत्याकांड और न्याय यात्रा के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से सजा दिलाई जा चुकी है। भट्ट ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में महिला अपराधों और घोटालों से जुड़े अनेक मामले सामने आए थे, लेकिन आज वही कांग्रेस नैतिकता की बात कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी।
सांसद अजय भट्ट ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर राजनीतिक मुद्दों के माध्यम से जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया।
हिन्दुस्थान समाचार / विजय आहूजा

