शेरवुड कॉलेज के 157वें स्थापना दिवस समारोह की शानदार विदाई
नैनीताल, 05 जून (हि.स.)। सरोवरनगरी के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों में शामिल एवं सदी के महानायक अमिताभ बच्चन एवं देश के पहले सेनाध्यक्ष जनरल सैम मानेकशा के विद्यालय रहे शेरवुड कॉलेज के 157वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित त्रिदिवसीय समारोह का शुक्रवार को भव्य समापन हो गया।
समापन समारोह में विद्यालय के संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने गायन, वादन एवं नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की सराहना प्राप्त की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शेरवुड के पूर्व विद्यार्थी एवं सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल दिव्य गौरव मिश्रा रहे, जबकि सेवानिवृत्त एयर वाइस मार्शल सुमित मुखर्जी तथा मेजर जनरल हरकीरत सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कॉलेज के प्रधानाचार्य अमनदीप संधू ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सत्र 2025 की शैक्षणिक एवं शिक्षणेतर उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया तथा विद्यार्थी हित में उठाये गये विभिन्न रचनात्मक कदमों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि दिव्य गौरव मिश्रा ने विद्यार्थियों के अनुशासन, परिश्रम और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए अपने सैन्य जीवन में विद्यालय की भूमिका का उल्लेख किया व प्रधानाचार्य अमनदीप संधू के नेतृत्व की प्रशंसा की।
उन्होंने विभिन्न पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र भी वितरित कर विद्यार्थियों से संवाद भी किया। सत्र 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रॉबिन हुड सदन को सर्वश्रेष्ठ सदन घोषित किया गया।
समापन अवसर पर प्रधानाचार्य अमनदीप संधू ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा सच्चे मानव का निर्माण करती है व विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं शिक्षणेतर गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए समारोह के समापन की घोषणा की।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

