home page

शांतिकुंज परिवार ने एक बार पुनः बैरागी द्वीप पर चलाया स्वच्छता अभियान

 | 
शांतिकुंज परिवार ने एक बार पुनः बैरागी द्वीप पर चलाया स्वच्छता अभियान


हरिद्वार, 25 फ़रवरी (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा एवं सिद्ध अखंड दीप के शताब्दी समारोह के समापन के उपरांत हरिद्वार स्थित बैरागी द्वीप को पुनरू स्वच्छ एवं सुंदर बनाने हेतु व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान शांतिकुंज की अधिष्ठात्री शैलदीदी के निर्देशन तथा देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ चिन्मय पण्ड्या के नेतृत्व में चलाया गया।

अभियान के अंतर्गत आयोजन स्थल के विभिन्न सेक्टरों, संपर्क मार्गों तथा गंगा तटीय क्षेत्रों की सघन सफाई की जा रही है। सैकड़ों प्रशिक्षित स्वयंसेवक द्वारा सेवा भाव से जुटकर कूड़ा-कचरा एकत्र किया गया। एकत्रित अपशिष्ट को बड़े बैगों में भरकर नगर निगम के सहयोग से निर्धारित निस्तारण केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है।

स्वच्छता अभियान पर संदेश देते हुए शैलदीदी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक कार्य नहीं, बल्कि सेवा का ही एक रूप है। कोई भी आध्यात्मिक आयोजन तब तक पूर्ण नहीं माना जा सकता, जब तक हम प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन न करें। उन्होंने सभी से अपने परिवेश को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

शांतिकुंज मीडिया विभाग ने बताया कि आयोजन स्थल को पूर्णतः पर्यावरण अनुकूल स्वरूप में पुनर्स्थापित किया जा रहा है। बड़े आयोजनों के साथ-साथ उनके सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्वों का निर्वहन भी संस्था की प्राथमिकताओं में एक है।

स्वच्छता अभियान में स्थानीय प्रशासन का भी सहयोग मिला। सभी ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। प्रशासन और शांतिकुंज परिवार के इस संयुक्त प्रयास की स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशंसा की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला