home page

विद्या भारती की बैठकों में विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण और संस्कार शिक्षा पर जोर

 | 
विद्या भारती की बैठकों में विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण और संस्कार शिक्षा पर जोर


नैनीताल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। वीरभट्टी स्थित पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार में विद्या भारती के उत्तराखंड प्रांत के केंद्रीय अधिकारी प्रवास के अंतर्गत जिला केंद्र के विद्यालयों की समीक्षा और प्रांतीय कार्यसमिति की बैठकें आयोजित की गईं।

शिशु शिक्षा समिति, जन शिक्षा समिति और भारतीय शिक्षा समिति के प्रधानाचार्यों, व्यवस्थापकों तथा पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की बैठक अखिल भारतीय संगठन मंत्री गोविंद चंद्र महंत, क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू और प्रांत संगठन मंत्री सुनील की उपस्थिति में हुई। इस दौरान गोविंद चंद्र महंत ने प्रभावी शिशु वाटिका, मानक परिषद, जिला टोली, संस्कार केंद्र और जिला केंद्र के विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण पर मार्गदर्शन दिया।

बैठक में नई शिक्षा नीति के अनुरूप जिला केंद्रों को सशक्त बनाने और संचार केंद्र के रूप में विकसित करने पर चर्चा हुई। विद्यालयों में अनुभवात्मक शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों के शारीरिक, प्राणिक और मानसिक विकास, चरित्र निर्माण, पंच ज्ञानेंद्रियों एवं पंच कर्मेंद्रियों के सक्रिय विकास तथा संस्कार शिक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

वहीं प्रांतीय पदाधिकारियों, सदस्यों और पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं की बैठक में मानक परिषद के माध्यम से विद्यालयों के प्रबंधन, नेतृत्व, पठन-पाठन और कार्यकर्ता व्यवस्था के मूल्यांकन तथा ऑनलाइन रिपोर्टिंग पर चर्चा की गई। बैठक में खेलकूद, अनुशासन, योग, संगीत, संस्कृत और अंग्रेजी के समन्वय से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के संकल्प को दोहराया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी