वानिकी विज्ञान के विद्यार्थियों ने किया वानिकी प्रशिक्षण अकादमी का शैक्षणिक भ्रमण
नैनीताल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के वानिकी विज्ञान विभाग के बीएससी पंचम सेमेस्टर के 18 विद्यार्थियों ने उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी हल्द्वानी का शैक्षणिक भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जैव विविधता पार्क, कीटभक्षी पौधों, मृदा परीक्षण प्रयोगशाला, ऊतक संवर्धन प्रयोगशाला, औषधीय पौधों की वाटिकाओं, रुद्राक्ष उद्यान, परागणकर्ता उद्यान, बर्ड ट्रेल तथा हाइड्रोपोनिक और एयरोपोनिक प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। उन्हें पौधों की विभिन्न प्रजातियों, जैव विविधता संरक्षण और आधुनिक वानिकी तकनीकों की जानकारी मिली।
इस दौरान उन्हें डॉ. ज्योत्सना टम्टा ने अकादमी की गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। ज्योति प्रकाश जोशी, योगेश त्रिपाठी, कृष्णानंद पांडे, कनिष्क कुमार पांडे, चंद्र मोहन जोशी और आनंद बिष्ट ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
भ्रमण से विद्यार्थियों को औषधीय पौधों, मृदा परीक्षण, पौधों के संवर्धन और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों की व्यावहारिक जानकारी मिली। विभाग ने अकादमी के निदेशक डॉ. संजीव चतुर्वेदी और उपनिदेशक सूरज तिवारी के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम विभागाध्यक्ष प्रो. आशीष तिवारी के निर्देशन में आयोजित किया गया। उनके साथ विभाग की डॉ. इरा तिवारी उपाध्याय और डॉ. मैत्री नारायण भी मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

