home page

लक्सर में धूमधाम से मनाया गया महर्षि कश्यप जन्मोत्सव

 | 

हरिद्वार, 05 अप्रैल (हि.स.)।

जनपद के लक्सर क्षेत्र में महर्षि कश्यप जन्मोत्सव रविवार को हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। लक्सर, सुल्तानपुर क्षेत्र के भोगपुर, टीककमपुर, फतवा, कंकरखाता, सुल्तानपुर और महतोली सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में धार्मिक आयोजन, हवन-पूजन और शोभायात्राएं निकाली गईं।

सुबह से ही महर्षि कश्यप मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन कर महर्षि कश्यप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और विधिवत धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। लक्सर नगर पालिका स्थित कश्यप कॉलोनी में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कश्यप एकता युवा मंच के अध्यक्ष रवि कश्यप ने बताया कि सुबह हवन-पूजन के उपरांत दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः कश्यप कॉलोनी में संपन्न हुई।

संरक्षक एडवोकेट नरेश कश्यप ने कहा कि महर्षि कश्यप के सिद्धांत समाज को दिशा देने वाले हैं और उनके आदर्शों पर चलकर समाज को संगठित एवं शिक्षित बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और समाज में एकता बनाए रखने की अपील की।

भाजपा नेता शिवम कश्यप ने कहा कि महर्षि कश्यप के आदर्श समाज को एकजुट करने और आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने शिक्षा, संगठन और संस्कारों को समाज के विकास का आधार बताया।

इस अवसर पर पंकज कश्यप, नरेश मिस्त्री, अमित कश्यप, मामचंद कश्यप, वेद प्रकाश, राजेश कश्यप, डॉ. सोमपाल कश्यप सहित बड़ी संख्या में कश्यप समाज के लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला