home page

लक्सर में आपदा प्रबंधन की समीक्षा, दो दिन में मांगी क्षतिग्रस्त सड़कों की रिपोर्ट

 | 
लक्सर में आपदा प्रबंधन की समीक्षा, दो दिन में मांगी क्षतिग्रस्त सड़कों की रिपोर्ट


हरिद्वार, 06 सितंबर (हि.स.)। मानसून और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए विकासखंड सभागार लक्सर में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विनय रुहेला की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लक्सर और खानपुर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों, जलभराव, क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलियाओं और राहत कार्यों की समीक्षा की गई।

उपाध्यक्ष रुहेला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता पर समाधान किया जाए। राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

बैठक में निरंजनपुर, गंगदासपुर, कुआँखेड़ा, नरोजपुर, नियामतपुर और दाबकी समेत कई गांवों की समस्याएं उठीं। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियाओं की मॉनिटरिंग कर दो दिन में विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा गया। निरंजनपुर में जल निकासी के लिए नाला निर्माण जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत महाराजपुर सत्संग भवन से गंगदासपुर तक 4.50 किमी सड़क के निर्माण के लिए 3.72 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। अधिकारियों को औपचारिकताएं पूरी कर जल्द काम शुरू कराने को कहा गया।

सिंचाई और पीडब्ल्यूडी को नालों की सफाई युद्धस्तर पर कराने और विद्युत विभाग को क्षतिग्रस्त पोल व आपूर्ति दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। बाढ़ को देखते हुए राशन, पशु चारा और पशु चिकित्सा की पर्याप्त व्यवस्था करने को भी कहा गया। अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के बाद विनय रुहेला ने कुआँखेड़ा में सोलानी नदी के कटाव का निरीक्षण कर तटबंध की सुरक्षा के लिए तत्काल कार्य शुरू करने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला