राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष का गुजराती समाज ने किया स्वागत
हरिद्वार, 18 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग भारत सरकार के अध्यक्ष किशोर मकवाना के हरिद्वार आगमन पर यहां निवास कर रहे गुजराती परिवारों के सदस्यों ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान धर्मनगरी में गुजराती समाज की ओर से उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।
भेंट के दौरान किशोर मकवाना द्वारा लिखित पुस्तकों सामाजिक क्रांति के महानायक डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. अंबेडकर का विचार वैभव, महापुरुष डॉ. अंबेडकर, राष्ट्रपुरुष डॉ. बाबासाहेब अंबेडकरः जीवन दर्शन, राष्ट्र दर्शन, अजातशत्रु राजपुरुषः अटल बिहारी वाजपेयी, स्वामी विवेकानंद और युवा भारत, राष्ट्रऋषि पं. दीनदयाल उपाध्याय, नरेंद्र मोदी के साथ एक मुलाकात, सूर्य नमस्कार एक संपूर्ण योग, महर्षि रमण, स्वाभिमान के तीर्थ स्थल आदि विषयों पर भी चर्चा हुई।
हरिद्वार स्थित डैम कोठी में गुजराती समाज के प्रमुख राजेश पाठक ने किशोर मकवाना को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर पारिवारिक और सौहार्दपूर्ण माहौल में विभिन्न सामाजिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
किशोर मकवाना ने हरिद्वार में रह रहे गुजराती समाज की सक्रियता और सेवा कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में कीर्तन देसाई, पवन देसाई, प्रितेश पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

