राज्यपाल ने अस्पताल, पुस्तकालय और स्टेडियम में किया संवाद व निरीक्षण
पौड़ी गढ़वाल, 28 मार्च (हि.स.)। जनपद पौड़ी के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में प्रतिभाग करते हुए जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायज़ा लिया। इसके बाद उन्होंने जिला पुस्तकालय का लोकार्पण कर वहां उपस्थित पाठकों व छात्र छात्राओं से संवाद किया।
शनिवार को पौड़ी भ्रमण के दूसरे दिन राज्यपाल सर्वप्रथम जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्थाओं एवं आधारभूत ढांचे का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल का भ्रमण कर भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से संवाद किया तथा उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता और डॉक्टरों के व्यवहार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मरीजों को समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राज्यपाल ने डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों से भी बातचीत कर उनके अनुभव, कार्य परिस्थितियों एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि तकनीकी संसाधनों को कड़ी मेहनत और मानवीय संवेदनशीलता के साथ जोड़ने से ही स्वास्थ्य सेवाओं में वास्तविक प्रगति संभव है। निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने आईसीयू कक्ष, डिजिटल एक्स-रे कक्ष एवं सीटी स्कैन यूनिट का अवलोकन किया तथा वहाँ की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
उन्होंने जिला अस्पताल को और बेहतर बनाने हेतु सीएमएस से सुझाव मांगे और आवश्यक उपकरणों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग करते हुए जिला अस्पताल को भविष्य में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं से सुसज्जित बनाया जाएगा। साथ ही आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) को और अधिक आधुनिक बनाने के भी निर्देश दिए।
इसके बाद राज्यपाल ने जिला पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा राज्यपाल को पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों, आधुनिक फर्नीचर, पठन-पाठन की सुविधाओं, बुक स्टोरेज, वाई-फाई जोन, पेयजल व्यवस्था, पहाड़ी शैली में बनी बाह्य अवसंरचना, घंटाघर के एकीकरण एवं अन्य संसाधनों की विस्तृत जानकारी दी गयी।
राज्यपाल ने पुस्तकालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सराहना की और इसे विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बताया। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, कैरियर योजनाओं एवं भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। कहा कि उन्हें ऐसे अवसरों पर आकर प्रसन्नता होती है, जहाँ पढ़ाई-लिखाई और पुस्तकालय जैसे विषयों पर चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में शिक्षा का स्वरूप बदल रहा है, लेकिन उत्तराखंड की धरती ऐसी है जहाँ आध्यात्मिकता के साथ शिक्षा का समन्वय होता है। यहाँ विद्या का प्रवाह मानवता और आध्यात्मिकता दोनों को जोड़ता है।
राज्यपाल ने रांसी स्टेडियम पहुंचकर वहां अभ्यास कर रहे विभिन्न आयुवर्ग के खिलाड़ियों से भी मुलाकात की। उन्होंने एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे खिलाड़ियों, विशेषकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित प्रतिभाओं से संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस मौके विधायक राजकुमार पोरी, नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

