home page

रचनात्मक गतिविधियों से नौनिहालों की नींव मजबूत कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता

 | 
रचनात्मक गतिविधियों से नौनिहालों की नींव मजबूत कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता


नई टिहरी, 18 सितंबर (हि.स.)। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण के साथ-साथ अब नौनिहालों को खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए उनकी नींव मजबूत बनाई जा रही है।

बाल विकास परियोजना कार्यालय कीर्तिनगर और अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में हुए सेमिनार में 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपने केंद्रों पर बच्चों के सीखने और समझने की प्रक्रिया को रोचक बनाने के लिए अपनाई जा रही गतिविधियों की प्रस्तुति दी। बताया गया कि किस तरह खेल और रचनात्मकता को शिक्षा का माध्यम बनाकर बच्चों को सहजता से नई चीजें सिखाई जा रही हैं।

कार्यकर्ताओं ने क्राफ्ट, चित्रकला, भावगीत, कविता एवं खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को रंगों, आकारों, आकृतियों और संख्या ज्ञान की समझ विकसित करने के साथ स्वच्छता की आदतें, विभिन्न जानवरों की पहचान करने जैसे विषयों पर किए जा रहे कार्यों को वीडियो प्रस्तुतियों से बताया। संदेश दिया कि जब शिक्षा बोझ नहीं बल्कि खेल बन जाए तो बच्चों में सीखने की ललक स्वतः पैदा होती है।

विभाग की ओर से प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र से सम्मानित किया गया। इस मौके पर डीपीओ संजय गौरव, बाल विकास परियोजना अधिकारी नीतू बधानी, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के जिला समन्वयक प्रमोद पैन्यूली, सुपरवाइजर मंजू जोशी, ललिता धनाई, प्रिंसा नेगी, सुमित्रा सरियाल मौजूद रहे। सेमिनार में अर्चना, प्रीति, सविता, विजयलक्ष्मी, मनोरमा, रजनी ने प्रेजेंटेशन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी