home page

यात्रियों के साथ स्थानीय लोगों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाएं

 | 
यात्रियों के साथ स्थानीय लोगों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाएं


गुप्तकाशी, 05 मई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के विभिन्न यात्रा कस्बों में तीर्थ यात्रियों व स्थानीय लोगों के लिए स्वास्थ्य व्यवस्थाएं चाक चौबंद हैं। फाटा, सोनप्रयाग, गौरीकुंड व त्रियुगीनारायण में प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्रों में प्रतिदिन सैकड़ो ओपीडी हो रहे हैं।

केदारनाथ धाम के महत्वपूर्ण आधार शिविर गौरीकुंड स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन सौ के करीब इमरजेंसी और ओपीडी हो रही हैं। यहां पर पैरामेडिकल टीम के सभी पद भरे हैं। वही एक चिकित्सक की भी तैनाती है। सोनप्रयाग में प्रतिदिन इमरजेंसी और ओपीडी दो सौ से लेकर तीन सौ के करीब हैं। सोनप्रयाग में चार चिकित्साधिकारी तैनात है,साथ ही एक जनरल विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का इलाज करवा रहे हैं। इसके साथ ही सोलह पैरा मेडिकल मेडिकल स्टाफ भी तैनात होकर अपनी जिम्मेदारियां का निर्वहन कर रहे हैं।

फाटा उपकेंद्र स्थाई है। गत वर्ष मरीजों की समस्या को देखते हुए एक्स-रेज मशीन की सुविधा मुहैया करवाई गई है। फाटा प्रा.स्वा. केंद्र में चिकित्सकों की पूर्ण तैनाती है। इसके साथ तेरह लोगों की पैरामेडिकल टीम भी मुस्तैद है। आस्था का पवित्र केंद्र त्रियुगीनारायण में प्रतिदिन पच्चीस से तीस मरीजों की ओपीडी है। यहां चिकित्सक उपलब्ध नहीं है, लेकिन अन्य स्टाफ मरीजों के देखभाल कर रहे हैं। इमरजेंसी की स्थिति में ही मरीजों को रेफर किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश ने बताया कि इस बार यात्रा काल से पूर्व जिला अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सभी उप केंद्रों में प्रचुर मात्रा में दवाइयां की उपलब्धता के साथ चिकित्सकों और पैरामेडिकल की टीम को तैनात किया है। उन्होंने बताया कि त्रियुगीनारायण, सोनप्रयाग और गौरीकुंड में अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं।

यात्राकाल के बाद ये उपकेंद्र बंद किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सोनप्रयाग में मरीजों के लिए चार बेड की व्यवस्था है। श्री रामप्रकाश ने कहा कि सभी उपकेंद्रों मैं तैनात स्टाफ पूरे मनोयोग से मरीजों का इलाज कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन