home page

मोकरी डंपिंग जोन का कूड़ा सड़क तक फैलने पर डीएम नाराज

 | 
मोकरी डंपिंग जोन का कूड़ा सड़क तक फैलने पर डीएम नाराज


नई टिहरी, 07 अगस्त (हि.स.)। डीएम नितिका खंडेलवाल ने नई टिहरी और चंबा नगर पालिका के कूड़ा डंपिंग जोन मोकरी का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का भी निरीक्षण किया। डीएम ने कूड़ा निस्तारण एवं प्रबंधन को लेकर जरूरी जानकारी ली।

मोकरी में डंपिंग जोन के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी नितिका ने वहां कूड़ा सड़क तक फैले होने पर गहरी नाराजगी जताई। अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कूड़ा पृथक्करण (सेग्रीगेशन) के लिए संबंधित कंपनी से हुए अनुबंध की जानकारी लेकर कार्यवाही करने को कहा। डंपिंग जोन की सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक स्थान पर सुरक्षात्मक दीवार निर्माण का विस्तृत आगणन तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए डंपिंग जोन का व्यवस्थित संचालन जरूरी है। कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया वैज्ञानिक व निर्धारित मानकों के अनुरूप की जाए। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जिला खनन अधिकारी रवि नेगी, ईओ वासुदेव डंगवाल, एडीबी प्रोजेक्ट मैनेजर अमित रुसिया मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी