home page

मॉक अभ्यास : हरिद्वार में आपदा जैसी स्थिति, कई स्थानों पर भगदड़, राहत एवं बचाव कार्य जारी

 | 
मॉक अभ्यास :  हरिद्वार में आपदा जैसी स्थिति, कई स्थानों पर भगदड़, राहत एवं बचाव कार्य जारी


हरिद्वार, 10 अप्रैल (हि.स.)। धार्मिक नगरी हरिद्वार में शुक्रवार को एक के बाद एक घटनाओं के चलते अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हर की पौड़ी पर गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। इसी दौरान रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की अत्यधिक भीड़ के कारण भी स्थिति बेकाबू हो गई और वहां भी भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।

मॉक अभ्यास के दौरान भीमगौड़ा रेलवे टनल के पास भारी वर्षा के चलते रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे ट्रेन सेवाएं बाधित हो गईं। वहीं अपर बाजार क्षेत्र में बम विस्फोट की अफवाह फैलने से लोगों में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

इसके अलावा पंतद्वीप पार्किंग में अत्यधिक भीड़ और विष्णु घाट पर भारी वर्षा के चलते टिहरी बांध से अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने की सूचना से हालात और बिगड़ गए। इन सभी घटनाओं के कारण शहर में कई स्थानों पर भगदड़ की स्थिति बन गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस अफरातफरी में कुछ श्रद्धालुओं के गंगा नदी में बहने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन टीम, पुलिस और अन्य राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गई हैं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला