मेडिकल कॉलेज में रैगिंग और मारपीट का आरोप एंटी रैगिंग कमेटी ने शुरू की जांच
हल्द्वानी , 22 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र के साथ कथित मारपीट और रैगिंग का मामला सामने आने से कॉलेज प्रशासन में हलचल मच गई है। छात्र के पिता की शिकायत के बाद कॉलेज प्रशासन और एंटी रैगिंग कमेटी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि वार्षिकोत्सव ‘क्रीसेंडो’ की तैयारियों के दौरान कुछ सीनियर छात्रों पर जूनियर छात्र के साथ मारपीट और रैगिंग करने का आरोप है। घटना के बाद छात्र को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। शिकायत मिलने के बाद यूजीसी के निर्धारित नियमों के तहत एंटी रैगिंग कमेटी जांच कर रही है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही पीड़ित छात्र के बयान दर्ज किए जाएंगे।
जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सिटी मजिस्ट्रेट ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को ऐसे मामलों में सख्ती बरतने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अब जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और आरोपों में कितनी सच्चाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

