महेंद्र बने आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मिसाल
नैनीताल, 26 फ़रवरी (हि.स.)। नैनीताल जनपद के धारी विकासखंड क्षेत्र के निवासी युवा महेंद्र बिष्ट ने मेहनत और सरकारी योजना के सहयोग से स्वरोजगार की मिसाल पेश की है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने यह सिद्ध किया कि सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प से आत्मनिर्भरता संभव है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत महेंद्र बिष्ट ने प्रारंभिक आर्थिक चुनौतियों के बीच उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की ग्राम भटेलिया शाखा से 3 लाख रुपये का ऋण लेकर मोबाइल रिपेयरिंग का व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया। जिला उद्योग केंद्र हल्द्वानी के मार्गदर्शन तथा राज्य सरकार की पहल से ऋण स्वीकृत हुआ और उन्होंने अपने क्षेत्र में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान स्थापित की।
आज उनका व्यवसाय सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। इन्होंने अपने उद्यम के माध्यम से 2 अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है। वर्तमान में उनके व्यवसाय का वार्षिक कारोबार लगभग 4 लाख रुपये तक पहुंच गया है तथा प्रतिमाह 15 से 20 हजार रुपये की नियमित आय प्राप्त हो रही है।
महेंद्र बिष्ट की सफलता स्वरोजगार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण मानी जा रही है और महेंद्र अपने क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गये हैं। अपनी सफलता पर महेंद्र ने कहा कि परिश्रम और सही योजना के उपयोग से सफलता प्राप्त की जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

