मस्जिद मीनार ऊंचाई प्रकरण: सोशल मीडिया पर फिर उठा विवाद, प्रशासन ने किया निरीक्षण
हरिद्वार, 14 मई (हि.स.)। जिले के लक्सर क्षेत्र स्थित सुल्तानपुर गांव में निर्माणाधीन जामा मस्जिद की मीनार की ऊंचाई को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मीनार के निर्माण कार्य जारी रहने का दावा किए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2020 में पुरानी जामा मस्जिद की जगह नई और बड़ी मस्जिद के निर्माण का कार्य शुरू किया गया था। वर्ष 2025 में मस्जिद की मीनार की ऊंचाई को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई होने का दावा किया गया था। मामले ने तूल पकड़ा तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जांच के निर्देश दिए थे।
इसके बाद प्रशासन ने मस्जिद निर्माण कार्य पर रोक लगा दी थी। जांच में सामने आया था कि मस्जिद का नक्शा हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण से स्वीकृत नहीं कराया गया था। तभी से मीनार निर्माण पर रोक जारी है। अब एक बार फिर सोशल मीडिया पर मस्जिद में निर्माण कार्य जारी होने की खबरें सामने आने लगीं। इसके बाद लक्सर उप जिलाधिकारी अनिल शुक्ला और क्षेत्राधिकारी देवेंद्र नेगी पुलिस टीम के साथ सुल्तानपुर पहुंचे और मस्जिद परिसर का निरीक्षण किया।
प्रशासनिक जांच में यह पाया गया कि मस्जिद में किसी प्रकार का नया मीनार निर्माण कार्य नहीं चल रहा था। मौके पर केवल पहले फ्लोर पर फिनिशिंग और पत्थरों की साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मीनार निर्माण पर पहले की तरह रोक जारी रहेगी और बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं किया जाएगा।
जामा मस्जिद कमेटी के प्रबंधक मोहम्मद कमरुद्दीन ने कहा कि मस्जिद कमेटी प्रशासन का पूरा सहयोग कर रही है और बिना अनुमति कोई निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की।
उप जिलाधिकारी अनिल शुक्ला ने बताया कि सोशल मीडिया पर फैली खबरों के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच में केवल फर्श और फिनिशिंग का काम पाया गया। उन्होंने कहा कि यदि इस कार्य पर भी किसी को आपत्ति है तो कमेटी उसे भी बंद करने को तैयार है। फिलहाल ऊंचाई को लेकर कोई नया विवाद सामने नहीं आया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

