home page

मदिरा की दुकानों पर छापेमारी में ओवररेटिंग उजागर, कार्रवाई की संस्तुति

 | 
मदिरा की दुकानों पर छापेमारी में ओवररेटिंग उजागर, कार्रवाई की संस्तुति


नैनीताल, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद में अनुज्ञापित मदिरा की दुकानों पर राजस्व विभाग की टीम ने छापेमारी की, जिसमें कई दुकानों पर अंकित मूल्य से अधिक दर पर मदिरा बिक्री किए जाने के मामले सामने आए हैं।

इस दौरान कालाढूंगी में उपजिलाधिकारी विपिन पंत के नेतृत्व में मुख्य बाजार स्थित विदेशी मदिरा की दुकान पर औचक निरीक्षण किया गया। टीम ने ग्राहक बनकर मदिरा क्रय कर एमआरपी से अधिक मूल्य वसूले जाने की पुष्टि की। जांच के दौरान स्टॉक पंजिका एवं बिक्री अभिलेखों में अंतर, बिलिंग मशीन बंद होना, सीसीटीवी में बिना बिल बिक्री तथा रेट सूची प्रदर्शित न होना भी पाया गया। मौके पर उपभोक्ताओं ने भी ओवररेटिंग की पुष्टि की, जिसके आधार पर संबंधित दुकान के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की गई है।

इसी प्रकार लालकुआं क्षेत्र में उपजिलाधिकारी रेखा कोहली द्वारा चार मदिरा की दुकानों का निरीक्षण किया गया, जहां देशी एवं विदेशी दोनों दुकानों में अधिक मूल्य पर बिक्री, अभिलेखों में अनियमितता, बिलिंग मशीन खराब तथा पुलिस सत्यापन का अभाव पाया गया। राजस्व विभाग ने सभी मामलों में साक्ष्यों सहित रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओवररेटिंग एवं अनियमितताओं पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी