भीमताल में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र स्थापित
नैनीताल, 15 मई (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय के सर जेसी बोस तकनीकी परिसर, भीमताल स्थित जैव प्रौद्योगिकी विभाग में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का अध्ययन केंद्र स्थापित किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने केंद्र के समन्वयक का दायित्व प्रो. वीना पाण्डे को सौंपा है। केंद्र के माध्यम से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, कौशल विकास एवं विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रो. वीना पाण्डे ने बताया कि उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय प्रत्येक वर्ष जुलाई एवं जनवरी सत्र में स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा तथा प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित करता है। इच्छुक अभ्यर्थी भीमताल अध्ययन केंद्र में पहुंचकर पाठ्यक्रमों एवं प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र नवांगतुक शिक्षार्थियों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली, नीतियों, सुविधाओं, परीक्षा प्रणाली व कौशल विकास कार्यक्रमों से परिचित कराने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगा।
अध्ययन केंद्र की स्थापना पर कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत एवं उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी सहित दोनों विश्वविद्यालयों के प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रो. वीना पाण्डे को शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

