home page

बोर्ड बैठक में शहर की बदहाली पर सभासदों का हल्ला

 | 
बोर्ड बैठक में शहर की बदहाली पर सभासदों का हल्ला


पौड़ी गढ़वाल, 08 सितंबर (हि.स.)। नगर पालिका पौड़ी की बोर्ड बैठक में शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सभासदों ने अधिकारियों को घेरा। खतरा बने पेड़ों को हटाने से लेकर घरों के पास से गुजर रही झूलती विद्युत तारों, नालियों की सफाई, झाड़ी कटान और सड़कों के गड्ढों तक के मुद्दे बैठक में प्रमुखता से उठे।

इस दौरान जिला पर्यटन अधिकारी के नहीं आने पर उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं रखते हुए इनके जल्द समाधान की मांग की।

सभासदों ने कहा कि शहर में कई स्थानों पर पेड़ लोगों और भवनों के लिए खतरा बने हुए हैं। शिकायतों के बावजूद इन पेड़ों को हटाने की कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं, कई घरों के समीप से गुजर रही झूलती विद्युत तारें भी दुर्घटना का कारण बन सकती हैं। सभासदों ने संबंधित विभागों से समन्वय कर इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने की मांग की।

बैठक में तिमली मार्ग, सत्याखाल और एनएच क्षेत्र में झाड़ी कटान नहीं होने का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। सभासदों ने कहा कि सड़क किनारे बढ़ी झाड़ियों से वाहन चालकों को आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पालिका क्षेत्र में आने वाली पीडब्ल्यूडी की सड़कों पर नालियों की नियमित सफाई और झाड़ी कटान कराने की मांग भी की गई।

इसके अलावा कंडोलिया थीम पार्क मार्ग और मधुबन के सामने सड़क पर बने गड्ढों की समस्या भी सभासदों ने उठाई। उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत और गड्ढों को जल्द भरने की मांग की।

सभासदों ने कहा कि शहर की समस्याओं का स्थायी समाधान केवल बैठकों तक सीमित न रहे, इसके लिए पालिका, संबंधित विभागों और सभासदों के बीच नियमित समन्वय और संवाद जरूरी है। उन्होंने जिला योजना में पौड़ी शहर की प्राथमिकता वाली विकास योजनाओं को शामिल करने की मांग भी रखी, ताकि सड़क, नाली, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह