home page

बेसबॉल प्रतियोगिता में जीआईसी ढुंगीधार और जाखचौरा का जीत से आगाज

 | 
बेसबॉल प्रतियोगिता में जीआईसी ढुंगीधार और जाखचौरा का जीत से आगाज


नई टिहरी, 26 सितंबर (हि.स.)। खेल निदेशालय और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में जिला स्तरीय बेसबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया। उद्घाटन मैच बालक वर्ग में जीआईसी ढुंगीधार और बालिका वर्ग में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाखचौरा की टीम ने जीता।

बारिश के कारण अन्य मैच नहीं कराए जा सके। शनिवार को बेसबॉल प्रतियोगिता का जिला मुख्यालय के बौराड़ी स्टेडियम में मुख्य अतिथि कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय रेफरी मनोज नेगी ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता का विकास करते हैं। बेसबॉल जैसे खेल अब पहाड़ के बच्चों के लिए भी नए अवसर लेकर आ रहे हैं।

सरकार और जिला प्रशासन खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। कहा कि हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना से ही खेलें। बालक वर्ग के पहले मैच में जीआईसी ढुंगीधार ने एसआरटी परिसर बादशाहीथौल को 4-2 और बालिका वर्ग में जाखचौरा टीम ने उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बादशाहीथौल को 3-2 से हराकर शानदार आगाज किया। बताया गया कि सभी टीमों के मैच लीग मैच के आधार पर खेले जाएंगे।

इस मौके पर आयोजक सचिव यजुवेंद्र चौहान, चक्रधर प्रसाद भद्री, ब्लॉक खेल समन्वयक यशपाल रावत, संरक्षक राजेंद्र प्रसाद डोभाल, राकेश चौहान, आकाश दीप शाह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हितेश चौहान, बीडीसी देवेंद्र चौहान मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी