home page

बस दुर्घटना की होगी मजिस्ट्रियल जांच

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 19 मार्च (हि.स.)। जनपद में हुई बस दुर्घटना के मामले में जिला मजिस्ट्रेट ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

10 मार्च 2026 को शाम करीब 5:20 बजे कोटद्वार से तोल्यूंडांडा जा रही जीएमओयू लिमिटेड की बस पट्टी पैठाणी-03, तहसील रिखणीखाल क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। घटना के समय बस में 15 यात्री सवार थे, जिनमें से चार घायल हो गए।

घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला मजिस्ट्रेट स्वाति एस. भदौरिया द्वारा उप जिला मजिस्ट्रेट लैंसडाउन को मजिस्ट्रियल जांच के लिये नामित किया गया है। जिला मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच करते हुए 15 दिन के भीतर आख्या प्रस्तुत की जाय।

उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस संबंध में कोई भी जानकारी प्राप्त हो, तो वे तत्काल तहसील लैंसडाउन के कार्यालय में सूचित करें, जिससे आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह