पौड़ी में निकली श्रीराम की शोभयात्रा
पौड़ी गढ़वाल, 26 मार्च (हि.स.)। गुरुवार को अष्टमी व रामनवमी पर सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने मंदिरों व घरों में कन्याओं का पूजन किया। वहीं, रामलीला कमेटी ने शहर में भगवान राम की शोभायात्रा निकाली।
गुरुवार को रामनवमी पर मां वैष्णो देवी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर में मा से आशीर्वाद लिया। मंदिर में कन्याओं का भी पूजन किया। मंदिर के पुजारी भटट ने बताया कि मंदिर में अष्टमी व रामनवमी का पर्व हषोल्लास के साथ मनाया गया। बताया कि सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहा। वहीं, सिद्धपीठ भुवनेश्वरी में भी विधि-विधान से भव्य पूजन-अर्चना कर रामनवमी का पर्व मनाया गया।
मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भुवनेश्वरी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। वहीं, रामलीला कमेटी ने शहर में श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली। शोभयात्रा रामलीला मैदान से धारा रोड, बस स्टेशन, माल रोड से वापस रामलीला मैदान पहुंची। इस मौके पर कमेटी के अध्यक्ष उमाचरण बड़थ्वाल, राम सिंह रावत, कुलदीप गुसांई, गौरीशंकर थपलियाल, गिरीश बड़थ्वाल आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

