home page

पौड़ी के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

 | 
पौड़ी के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित


पौड़ी गढ़वाल, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड परिषदीय परीक्षा वर्ष 2026 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की श्रेष्ठता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में जनपद पौड़ी गढ़वाल के कुल 21 विद्यार्थियों (हाईस्कूल के 14 एवं इंटरमीडिएट के 7 छात्र-छात्राओं) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान न केवल प्रतिभाशाली छात्रों का उत्साहवर्धन करता है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है। उन्होंने कहा कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के इस दौर में आगे आना अत्यंत सराहनीय उपलब्धि है।

जिलाधिकारी ने छात्रों को निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि “अपना सर्वश्रेष्ठ देते रहें, आपकी सफलता ही आपकी पहचान बनेगी और वही दूसरों के लिए प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त करेगी।” जिलाधिकारी ने अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों के करियर निर्माण में परिवार का सहयोग और मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रयास निरंतर किया जाए तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

विद्यार्थियों ने अपने भविष्य की रूचियों एवं करियर के बारे में बताया, जिसमें इंजीनियरिंग के क्षेत्र में रुचि अधिक पायी गयी। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि इंजीनियरिंग जैसे प्रतिस्पर्धात्मक क्षेत्रों में रुचि रखने वाले मेधावी विद्यार्थियों को जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसके लिए मुख्य शिक्षाधिकारी को सुझाव आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इच्छुक विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने की भी योजना बनायी जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। जनता इंटर कॉलेज पोखरीखेत की छात्रा महक ने कहा कि सफलता के लिए आत्मविश्वास और धैर्य आवश्यक है। जेपी इंटर कॉलेज कोटद्वार के छात्र सार्थक बुड़ाकोटी ने कहा कि नियमित अध्ययन और समर्पण ही सफलता की कुंजी है। सतपुली के छात्र आयुष ने बोर्ड परीक्षा को चुनौती के रूप में स्वीकार करने और बिना भय के आगे बढ़ने की बात कही। वहीं पीएमश्री जीजीआईसी पौड़ी की छात्रा निहारिका ने कहा कि टॉप करने वाले विद्यार्थियों से प्रेरणा लेकर अन्य छात्र-छात्राएं भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

इस अवसर पर समग्र शिक्षा समन्वयक रीना रावत, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी विद्या शरण, प्रधानाचार्य मनोज कुमार गुनियाल आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह