home page

पुरानी पेंशन समेत 12 मांगों पर गरजे कर्मचारी, डीएम कार्यालय पर धरना

 | 
पुरानी पेंशन समेत 12 मांगों पर गरजे कर्मचारी, डीएम कार्यालय पर धरना


पौड़ी गढ़वाल, 25 सितंबर (हि.स.) पुरानी पेंशन बहाली समेत 12 मांगों को लेकर उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीयल सर्विसेज एसोसिएशन से जुड़े कर्मचारियों ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पौड़ी में जोरदार प्रदर्शन किया। एजेंसी चौक से माल रोड, बस स्टेशन और धारा रोड होते हुए कर्मचारी डीएम कार्यालय पहुंचे और धरना दिया। बाद में डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।

कर्मचारियों ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली, गोल्डन कार्ड की समस्याओं का समाधान, पदोन्नति, स्थानांतरण और सेवा संबंधी विसंगतियों समेत 12 मांगों को लेकर लंबे समय से शासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में आक्रोश है।

जिलाध्यक्ष सीताराम पोखरियाल ने कहा कि कर्मचारी आंदोलन नहीं चाहता, लेकिन मांगों की अनदेखी होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करना मजबूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस मौके पर मंडलीय अध्यक्ष रेवती नंदन डंगवाल, जिला सचिव दीपक गोडियाल, संदीप भट्ट, डीसी पुरोहित, बलवंत नेगी, नरेंद्र रावत, प्रदीप नेगी, कामिनी, भावना, विनय गिल्याल, अंकित कठैत और सौरभ नौटियाल आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह