न्यू जर्सी में 251 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ, विश्वशांति और युगनिर्माण का लिया संकल्प
हरिद्वार, 04 अगस्त (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज के तत्वावधान में माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी वर्ष को वैश्विक स्तर पर मना रहा है। इसी शृंखला में अमेरिका के न्यू जर्सी में 251 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ आयोजित हुआ।
शांतिकुंज हरिद्वार के मीडिया विभाग ने यह जानकारी देते हुए बताया कि महायज्ञ के संचालन के लिए देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पंड्या के नेतृत्व में विशेष टीम अमेरिका पहुंची। विभिन्न राज्यों से आए हजारों नर-नारियों ने यज्ञ में सहभागिता कर विश्वशांति, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और युगनिर्माण का संकल्प दोहराया। समापन पर विशेष दीप महायज्ञ हुआ।
डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा कि यह वर्ष युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य और माताजी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। गुरुसत्ता का मार्गदर्शन सेवा, साधना और समाज निर्माण में बदलने की जरूरत है।
कार्यक्रम में न्यू जर्सी सीनेट और जनरल असेंबली ने संयुक्त प्रस्ताव पारित कर जन्मशताब्दी वर्ष को आधिकारिक मान्यता दी। प्रस्ताव में आध्यात्मिक जागरण, नारी सशक्तिकरण और मानवीय सेवा की सराहना की गई। पिस्काटावे के मेयर ब्रायन सी. वाहलर ने भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर भारत सरकार के मंत्री मनसुख मांडविया का संदेश भी प्रसारित हुआ। उन्होंने व्यसनमुक्ति अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उपस्थित ने व्यसनमुक्त, संस्कारित भारत निर्माण का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

