home page

नैनीताल में रुक-रुक कर होती रही बारिश

 | 

नैनीताल, 19 मार्च (हि.स.)। पहाड़ों पर एक सप्ताह के भीतर फिर से मौसम ने करवट बदली है। नगर में बीते सप्ताहांत के बाद गुरुवार को एक बार पुनः बारिश लौट आयी। इस बार बारिश की तीव्रता धीमी रही, इससे किसी तरह के नुकसान नहीं हुए, यह मानव स्वास्थ्य एवं खेती-बागवानी आदि के लिये हर तरह से लाभप्रद बतायी जा रही है।

नगर में रात्रि से ही बारिश का क्रम शुरू हो गया था, जो दोपहर बाद तक रुक-रुक कर जारी रही। इससे नगर में मौसम सर्द महसूस किया गया। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों का अधिकतम तापमान 21 एवं न्यूनतम 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य ही कहा जाएगा। सुबह आठ बजे तक 3 मिमी बारिश और 64 प्रतिशत आर्द्रता रिकॉर्ड की गयी।

अलबत्ता मौसम विभाग अगले दो दिन बारिश के जारी रहने के साथ अगले कुद पांच दिनों में बारिश की संभावना जारी रहने और तापमान के अधिकतम 16 व न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस तक बने रहने की संभावना जता रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी