home page

नीलकंठ में तीसरी आंख का पहरा, 70 कैमरों और ड्रोन से 24 घंटे हो रही निगरानी

 | 
नीलकंठ में तीसरी आंख का पहरा, 70 कैमरों और ड्रोन से 24 घंटे हो रही निगरानी


पौड़ी गढ़वाल, 08 अगस्त (हि.स.)।नीलकंठ कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने पूरे यात्रा क्षेत्र को कैमरों की निगरानी में रखा है। सड़क मार्ग से लेकर पैदल रास्तों और मंदिर परिसर तक 70 सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से भी लगातार निगरानी की जा रही है।

कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मी 24 घंटे कैमरों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और जरूरत के अनुसार मौके पर तैनात जवानों व अधिकारियों को तत्काल सूचनाएं दी जा रही हैं। एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने बताया कि कांवड़ यात्रा क्षेत्र में किसी भी स्थान पर भीड़ का दबाव बढ़ने, यातायात प्रभावित होने या पैदल मार्ग पर अव्यवस्था की स्थिति पर कंट्रोल रूम से तत्काल संबंधित टीमों को अलर्ट किया जा रहा है।

इससे भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन में पुलिस को मदद मिल रही है। यात्रा के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं ड्रोन के जरिए उन स्थानों पर भी नजर रखी जा रही है, जहां सीधे तौर पर पहुंचकर निगरानी करना मुश्किल है। पुलिस का फोकस श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के साथ-साथ किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया पर है।

यात्रा क्षेत्र में तैनात पुलिस बल और कंट्रोल रूम के बीच बेहतर समन्वय के लिए लगातार सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। कैमरों और ड्रोन से मिलने वाले इनपुट के आधार पर पुलिस टीमें मौके पर कार्रवाई कर रही हैं। ऐसे में नीलकंठ कांवड़ यात्रा क्षेत्र में ‘तीसरी आंख’ के साथ पुलिस का पहरा सुरक्षा व्यवस्था की अहम कड़ी बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह