home page

राज्य की विकास गाथा, कला, संस्कृति और लोक संवाद का हुआ अद्भुत संगम

 | 
राज्य की विकास गाथा, कला, संस्कृति और लोक संवाद का हुआ अद्भुत संगम


राज्य की विकास गाथा, कला, संस्कृति और लोक संवाद का हुआ अद्भुत संगम


उत्तरकाशी, 5 नवंबर (हि.स.)। रजत जयंती सप्ताह का तीसरा दिन राज्य की विकास गाथा, कला, संस्कृति और लोक संवाद का अद्भुत संगम लेकर आया। रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मसीह दिलासा स्कूल तिलोथ,राइंका मातली एवं सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग उत्तरकाशी के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीता। साथ ही विभागों के आकर्षक स्टॉलों में किसान,बागवान व पशुपालकों को और पुस्तक प्रदर्शनी में आगंतुकों की रुचि को जगाया है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्य सभा सांसद डॉ.कल्पना सैनी ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में कलाकारों ने लोकनाट्य, लोकगीत, संगीत एवं नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत कर दिया। मंच पर प्रस्तुत गढ़वाली, कुमाऊनी और हिमाचली गीतों और लोकनृत्यों ने उपस्थित जनसमूह को थिरकने पर विवश कर दिया।

रजत जयंती सप्ताह के तीसरे दिन भी कृषि, उद्यान, उद्योग, पशुपालन, मत्स्य, बाल विकास सहित अनेक विभागों के स्टॉलों पर बड़ी संख्या में किसान, बागवान और पशुपालक पहुंच रहे हैं। राज्यसभा सांसद डॉ.कल्पना सैनी ने सम्बोधित करते हुए प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना रजत जयंती की शुभकामनाए दी तथा शहीद राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया।

उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने जो सपने देखे थे,उन्हें साकार करने के लिए हम सभी को निरंतर प्रेरणा लेकर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने धराली आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि के देवतुल्य लोग आपदाओं से भयभीत नहीं होते बल्कि उन्हें अवसर बनाकर आगे बढ़ते हैं।

सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जाकर पीड़ितों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे और राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी के साथ पूरा किया। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद एवं अपर जिलाधिकारी ने विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में मंच संचालन जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर जोशी,अजय नौटियाल,मनवीर रावत ने किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नागेन्द्र चौहान,प्रदेश मंत्री ओबीसी मोर्चा भाजपा चंडी प्रसाद बेलवाल,जिला पंचायत सदस्य दीपेंद्र कोहली, जिला महामंत्री भाजपा महावीर नेगी,ओंकार नेगी, विक्रम सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य बाल शेखर नौटियाल, व्यापार मंडल रमेश चौहान, होटल एसोसिएशन सचिव सुभाष कुमाई, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार, सीएमओ डॉ.बीएस रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, पीडी अजय सिंह, जिला विकास अधिकारी रमेश चन्द्र, आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल