home page

तहसील दिवस में 95 शिकायतों का निस्तारण

 | 
तहसील दिवस में 95 शिकायतों का निस्तारण


पौड़ी गढ़वाल, 07 अप्रैल (हि.स.)। पौड़ी तहसील के ग्राम घंडियाल में आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर जोर दिया। इस दौरान कुल 95 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, आजीविका, वन्यजीव नियंत्रण और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को प्रशासनिक सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे आयोजन किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यालय तक न जाना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, जवाबदेही और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पेयजल समस्याओं पर विशेष ध्यान देते हुए क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की मरम्मत, वैकल्पिक व्यवस्था और योजनाओं को जिला योजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल संस्थान के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। सड़क, पार्किंग और वन्यजीव नियंत्रण से जुड़े मामलों में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सीएचसी घंडियाल में दवाओं की उपलब्धता, भवन सुदृढ़ीकरण और एक्स-रे सेवा शुरू करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, दिव्यांग प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, आर्थिक सहायता और स्वरोजगार से जुड़े मामलों का भी मौके पर समाधान किया गया। तहसील दिवस में ब्लॉक प्रमुख गीता देवी, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, पुलिस उपाधीक्षक तुषार बोरा, जिला पंचायतराज अधिकारी जितेन्द्र कुमार, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण वर्मा, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पाण्डेय, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, एसडीओ फॉरेस्ट आईशा बिष्ट, अधिशासी अभियंता विद्युत अभिनव रावत, विनोद जोशी, अंकिता सक्सेना, अर्चना कोली, दीपक रावत, चन्द्रप्रकाश बलूनी, आशा रावत तथा सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह