टिहरी में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन का त्यौहार
नई टिहरी, 28 अगस्त (हि.स.)। भाई-बहन के प्रेम, विश्वास के प्रतीक का पवित्र त्योहार रक्षाबंधन जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया। रक्षाबंधन पर बहनों ने इस पावन पर्व पर सुबह आठ बजे से ही अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधनी शुरू कर दी। बहनों ने अपने भाइयों की आरती उतार कर खुशहाली की मन्नत मांगी। भाई-बहन के अूटट विश्वास से जुड़े इस त्योहार पर भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट किए। दोपहर बाद तक बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए आती-जाती रही।
जिससे लोगों के घरों में खूब रौनक रही। जौनपुर क्षेत्र में भी रक्षाबंधन का पवित्र पर्व भाई- बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और सुरक्षा वंदन को मजबूत करने के उद्देश्य से रक्षा बंधन का पर्व धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाई की कलाई में राखी बांधकर इस पवित्र बंधन को और मजबूत किया।
जौनपुर प्रमुख सीता पंवार, नीला कांबोज, प्रियंका चौहान और सुशीला डोभाल आदि ने सभी भाई और बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि रक्षाबंधन का यह पवित्र त्योहार भाई-बहन का नहीं बल्कि विश्वास, स्नेह और संस्कारों का प्रतीक है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

