home page

जूनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कीर्तिनगर की सुमन और चंबा के नवीन विजेता

 | 
जूनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कीर्तिनगर की सुमन और चंबा के नवीन विजेता


नई टिहरी, 24 सितंबर (हि.स.)। प्रारंभिक शिक्षा की जिला स्तरीय शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता में जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कीर्तिनगर की सुमन और बालक वर्ग में चंबा ब्लॉक के नवीन नेगी विजेता बने।

वहीं क्रिकेट प्रतियोगिता में थौलधार चैंपियन बना। विजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र और मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। वीरवार को बौराड़ी स्टेडियम में आयोजित खेल प्रतियोगिता प्रभारी डीईओ तस्लीम कुरैशी ने समापन किया। कहा कि जो खिलाड़ी प्रतियोगिता में स्थान नहीं बना पाए हैं, वह निरंतर प्रयास कर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में अपनी जगह बनाएं।

मीडिया प्रभारी रामानुज बहुगुणा ने बताया कि जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में थौलधार की आस्था बालका वर्ग में चंबा के शिवम द्वितीय रहे। 200 मीटर दौड़ में भिलंगना की पूजा प्रथम और भिलंगना की दीपिका चमोली द्वितीय रही। बालक वर्ग में नरेंद्रनगर के अनिकेत सिंह प्रथम, चंबा के नीवन नेगी द्वितीय रहे। बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में भिलंगना की पूजा प्रथम, भिलंगना की दीपिका द्वितीय रही।

प्राथमिक बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में चंबा के अनूप प्रथम, नरेंद्रनगर के प्रियांशु राय द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में कीर्तिनगर की सिया प्रथम और देवप्रयाग की साक्षी द्वितीय रही। क्रिकेट प्रतियोगिता में जूनियर बालक वर्ग में चंबा उप विजेता रहा। इस मौके पर जिला खेल समन्वयक प्रमोद सेमवाल, अजयवीर चंद रमोला, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रवीर नेगी, जूनियर शिक्षक संघ के अध्यक्ष शेर सिंह पंवार, टीटी राणा, बिजेंद्र पंवार,आनंदमणि पैन्यूली, मनोहर चमोली, विनय रावत, संगीता चमोली और प्रकाशी सेमवाल आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी