home page

गोपेश्वर की सफाई व्यवस्था को ओएनजीसी का सहारा

 | 
गोपेश्वर की सफाई व्यवस्था को ओएनजीसी का सहारा


गोपेश्वर, 29 सितम्बर (हि.स.)। ओएनजीसी ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत शिवालिक एजुकेशनल सोशल वेलफेयर एंड ह्यूमन रिसोर्स सोसायटी की ओर से शहर की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ओएनजीसी ने नगर पालिका परिषद गोपेश्वर को दो तीन हजार लीटर क्षमता वाले पानी के टैंक, पांच फॉगिंग मशीन और 25 कूड़ा उठाने वाली हाथ ठेलियां समेत अन्य सफाई उपकरण उपलब्ध कराए हैं।

नगर पालिका की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिवालिक सोसायटी के प्रतिनिधियों ने सफाई उपकरण नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत को सौंपे। इन उपकरणों से शहर में कूड़ा उठान, फॉगिंग और सफाई व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है। पूर्व ओएनजीसी अधिकारी एल. मोहन लखेड़ा ने बताया कि ओएनजीसी सीएसआर के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और स्वच्छता समेत सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में पर्वतीय क्षेत्रों को सहयोग दे रही है।

उन्होंने बताया कि अलग-अलग सीएसआर प्रस्तावों के माध्यम से अब तक ढाई हजार से अधिक सरकारी विद्यालयों को फर्नीचर, कंप्यूटर और अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी है।

नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत ने ओएनजीसी के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में मिले उपकरण नगर पालिका के लिए उपयोगी साबित होंगे और शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में ओएनजीसी के मुख्य महाप्रबंधक एचसीए नीरज कुमार शर्मा, महाप्रबंधक पवन कुमार सैनी और सीएसआर प्रभारी विशाल शर्मा ऑनलाइन जुड़े। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता सुनील नाथन बिष्ट और जीआईसी गौणा के पीटीए अध्यक्ष गजेंद्र रावत को भी सम्मानित किया गया।

इस दौरान शिवालिक सोसायटी के अध्यक्ष उत्तम रावत, प्रोजेक्ट मैनेजर अंकुर बिष्ट, सचिव दयाल सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बत्र्वाल, नंदन सिंह बिष्ट, वीरेंद्र सिंह असवाल, दीपक भट्ट, अभिषेक बडोनी, सुरेंद्र सिंह नेगी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार पंत समेत सभासद, अधिकारी-कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल