home page

गढ़देवा में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, 15 विकासखंडों के दलों ने लिया हिस्सा

 | 
गढ़देवा में खिलाड़ियों ने दिखाया दम, 15 विकासखंडों के दलों ने लिया हिस्सा


पौड़ी गढ़वाल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। शहीद राइफलमैन महावीर चक्र जसवंत सिंह स्टेडियम रांसी में बुधवार को 76वीं जनपदीय विद्यालयी शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता ‘गढ़देवा 2026-27’ का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने खेल ध्वज फहराने के साथ ही 15 विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ी दलों की मार्चपास्ट की सलामी ली।

प्रतियोगिता में सात से 10 अक्टूबर तक विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें 100, 200, 400, 800, 1500 और 5000 मीटर दौड़, क्रॉस-कंट्री, 4 सौ मीटर रिले, लंबी कूद, त्रिकूद, ऊंची कूद, भाला, गोला व चक्का फेंक जैसी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए जरूरी है। खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण सीखना और अपनी क्षमता को बेहतर करना है।

उन्होंने खिलाड़ियों से दबाव में भी आत्मविश्वास बनाए रखते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में सभी 15 विकासखंडों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। खिलाड़ियों के मार्गदर्शन के लिए प्रशिक्षकों और शिक्षकों की तैनाती की गई है। आयोजन के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

इस अवसर पर अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल परमेंद्र बिष्ट, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, जिला खेल समन्वयक योगंबर सिंह नेगी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे। संचालन जयदीप रावत ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह