खुर्पाताल में प्राधिकरण ने हटाया अतिक्रमण,ध्वस्त किए होटल
नैनीताल, 03 अप्रैल (हि.स.)। कुमाऊं आयुक्त एवं जिला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष दीपक रावत के निर्देश पर जिला विकास प्राधिकरण की टीम ने खुर्पाताल क्षेत्र में प्राधिकरण की भूमि पर होटल स्वामियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। आयुक्त द्वारा हाल में क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान होटलों के द्वारा किये गये अवैध कब्जे तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए थे।
प्राधिकरण के सहायक अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि खुर्पाताल में आकाश पाहवा के जैड लेकफ्रंट व राहुल नारंग के एलौर लेकफ्रंट के होम स्टे के रूप में संचालित होटलों और एसएस भाटिया व अनुराग मारवाह के आवासीय भवनों के द्वारा जिला विकास प्राधिकरण की भूमि पर चारदीवारी कर ट्रांसफार्मर व जनरेटर आदि चारदीवारी कर रखे गये थे, इन्हें मंडलायुक्त के निर्देशों के अनुपालन में प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ल के नेतृत्व में पहले गुरुवार को अभियान चलाकर हटाया गया, और शेष बचे अतिक्रमण को शुक्रवार को हटाया गया। साथ ही खुर्पाताल झील की 30 मीटर की परिधि में किये गये अवैध निर्माण पर चालान की कार्रवाई भी की गयी।
प्राधिकरण के अनुसार संबंधित भूमि सार्वजनिक प्रयोजन हेतु सुरक्षित है और उस पर बिना स्वीकृति किया गया निर्माण अवैध पाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

