कुमाऊँ विश्वविद्यालय की सम व विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं और पर्यावरण विज्ञान परीक्षा के लिये आवेदन की तिथि बढ़ी
नैनीताल, 05 मई (हि.स.)। कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल ने सम एवं विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र भरने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को राहत देते हुए अब आवेदन की अंतिम तिथि 5 मई से बढ़ा कर 11 मई 2026 निर्धारित कर दी है।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार समर्थ पोर्टल के माध्यम से सम एवं विषम सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं परीक्षा आवेदन कर सकते हैं। बताया गया है कि कई विद्यार्थियों द्वारा निर्धारित तिथि तक आवेदन न किए जाने के कारण इसे बढ़ाया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि तक आवेदन न करने वाले अभ्यर्थियों को 12 से 15 मई 2026 तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का अवसर मिलेगा, जिसमें 50 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क देय होगा।
इसके पश्चात 16 मई 2026 के बाद किसी भी स्थिति में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। छात्रों से समय रहते आवेदन कर निर्धारित शुल्क जमा करने का आग्रह किया गया है।
पर्यावरण विज्ञान परीक्षा के लिये आवेदन की तिथि 30 मई तक निर्धारित
नैनीताल। कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल ने पर्यावरण विज्ञान विषय की परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार छात्र-छात्राएं 6 मई 2026 से 30 मई 2026 तक परीक्षा आवेदन पत्र ऑनलाइन माध्यम से भर सकते हैं।
सूचना में बताया गया है कि ऐसे छात्र, जिन्होंने मुख्य एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के अंतर्गत स्नातक स्तर पर अध्ययन किया है और किसी कारणवश पर्यावरण विज्ञान की परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाए हैं, वे इस अवसर का लाभ उठाकर परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन करना होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि के पश्चात परीक्षा आवेदन शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा। अतः सभी पात्र छात्र-छात्राओं से समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने का आग्रह किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

