home page

कुपोषित बच्चों सहित गर्भवती व धात्री महिलाओं को बांटी पोषण किट

 | 
कुपोषित बच्चों सहित गर्भवती व धात्री महिलाओं को बांटी पोषण किट


नई टिहरी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। बाल विकास परियोजना कीर्तिनगर के तत्वावधान में पोषण माह समारोह संपन्न हो गया। जिसमें सुपोषित समाज और स्वस्थ बचपन के संकल्प को मजबूती देते हुए कुपोषित व अति-कुपोषित बच्चों के साथ गर्भवती, धात्री महिलाओं को पोषण सामग्री वितरित की गई। मंगलवार को ब्लॉक सभागार में कनिष्ठ उपप्रमुख प्रियंका जयाडा, बीडीओ सुमनलता, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आकाशदीप, बाल विकास परियोजना अधिकारी नीतू बधानी ने कार्यक्रम का समापन किया।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से दूरस्थ क्षेत्र के लोगों को घर पर योजनाओं की जानकारी और लाभ मिलता है। बधानी ने बताया कि कार्यक्रम में छह मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट बांटी गई। परियोजना क्षेत्र के सभी कुपोषित व अति-कुपोषित बच्चों सहित गर्भवती, धात्री महिलाओं को पोषण टोकरी दी गई।

कहा कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लाभार्थियों तक पोषण संबंधी सहायता पहुंचाने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को और मजबूत करना रहा है। पोषण माह के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली व अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि कुपोषण के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार, समाज और विभाग के सामूहिक प्रयासों से ही बच्चों को स्वस्थ एवं मजबूत भविष्य दिया जा सकता है। इस मौके पर मुकेश मैठाणी, नवीन भट्ट, मीना चौहान, ललिता धनाई, प्रिंसा नेगी, मंजू जोशी, सुमित्रा सरियाल, किरण मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी