home page

कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात ठप, 15 और मार्ग बंद

 | 
कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात ठप, 15 और मार्ग बंद


नैनीताल, 27 सितंबर (हि.स.)। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच नैनीताल आने के दो मार्गों पर रविवार को भूस्खलन हुआ। हल्द्वानी रोड पर दोगांव-डोलमार के बीच भेड़िया पखांण के पास पिछले कई दिनों से भूस्खलन के लिहाज से संवेदनशील हुए स्थान पर पुनः भूस्खलन हुआ है। इससे यहां भी आज वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ और वाहनों को रानीबाग से भीमताल-भवाली होते हुए आना पड़ा।

दूसरी ओर कालाढूंगी-नैनीताल मोटर मार्ग पर भी प्रिया बैंड के पास एक पेड़ के गिरने से मार्ग पर दो घंटे से अधिक समय तक वाहनों की आवाजाही बंद रही। कालाढूंगी पुलिस और अग्निशमन दल के साथ वन विभाग की टीम ने पेड़ को हटाकर मार्ग को सुचारू करवाया।

वहीं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 27 सितंबर की सुबह आठ बजे की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में नैनीताल में 185, हल्द्वानी में 132, कालाढूंगी में 85, रामनगर में 60, कैंचीधाम में 179, बेतालघाट में 137 और खनस्यू में 48 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। भारी बारिश से जनपद में कुल 15 मार्ग बाधित हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग, तीन राज्य मार्ग, एक जिला मार्ग और नौ ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। ज्योलीकोट-भवाली-क्वारब, नैनीताल - हल्द्वानी, गर्जिया-बेतालघाट-खैरना, रामनगर- भतरौजखान, धारी-नैनीताल, पटोड़ी-जोशीखोला, खनस्यू-रीखाकोट, छड़ा-खनस्यू, लोहाली-थुवा ब्लॉक, फतेहपुर-बेल, हरतपा-हली, अबेडकर ग्राम-रिखोली, बेतालघाट-रोपा, चॉफी-पदमपुरी और चमड़िया-लोहाली मार्ग प्रभावित बताए गए हैं।

इनके अतिरिक्त थापला-जलालगांव और बजून-अधौड़ा मार्गों के भी भूस्खलन के कारण बंद होने की जानकारी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से प्राप्त हुई है। साथ ही सुयालबाड़ी के पास अल्मोड़ा राजमार्ग पर भी मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ है और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजे जाने की जानकारी है।

इधर मुख्यालय में लगातार बारिश के कारण नैनी झील का जलस्तर भी तेजी से बढ़कर 88.8 फीट पहुंच गया है। दोनों निकासी द्वार पूरी तरह खोले गए हैं और प्रत्येक से करीब 18-18 इंच पानी की निकासी की जा रही है। इसके बावजूद जलस्तर बढ़ने का क्रम जारी है और झील अपने उच्चतम स्तर से करीब चार इंच नीचे है। नगर के नाले उफान पर हैं तथा लोअर माल रोड सहित निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

जिले के भीमताल, नौकुचियाताल तथा कालाढूंगी के क्यारी और छोई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित बताई गई है। संबंधित विभागों द्वारा बाधित मार्ग खोलने और विद्युत आपूर्ति सुचारू करने की कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी