एनडीपीएस कार्रवाई में सुस्ती पर थाना प्रभारियों को फटकार
पौड़ी गढ़वाल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। अपराध नियंत्रण में लापरवाही और नशा तस्करी के मामलों में कार्रवाई की सुस्ती पर एसएसपी सर्वेश पंवार ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने एनडीपीएस के मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं करने वाले थाना प्रभारियों को फटकार लगाते हुए नशा तस्करों के साथ उनके नेटवर्क पर भी शिकंजा कसने के निर्देश दिए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।
गुरुवार को पुलिस लाइन पौड़ी में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में एसएसपी ने जनपद की कानून व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात प्रबंधन और आगामी त्योहारी सीजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम के लिए सक्रिय पुलिसिंग अपनाने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और गंभीर मामलों की विवेचना में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने मादक पदार्थों की तस्करी को गंभीरता से लेते हुए एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने के साथ ही तस्करी के नेटवर्क को चिह्नित कर उसके विरुद्ध कार्रवाई करने पर जोर दिया। नशे के दुष्प्रभावों को लेकर आमजन, विशेषकर युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए एसएसपी ने बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था मजबूत रखने को कहा। उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में सक्रिय रहने और सुरक्षा व्यवस्थाओं की स्वयं निगरानी करने के निर्देश दिए। संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के साथ ही कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को मुस्तैद रहने को कहा।
बैठक में जनसमस्याओं के निस्तारण की भी समीक्षा की गई। सितंबर माह में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त 85 शिकायतों में से 56 का निस्तारण किया गया, जबकि 29 शिकायतें लंबित हैं। एसएसपी ने शेष शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा करने और गंभीर अपराधों की जांच में तेजी लाने पर भी जोर दिया।
एसएसपी ने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए त्वरित कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्य जुटाने और पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान दौरान सितंबर माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

