इंजीनियरिंग कालेज घुड़दौड़ी के स्थापना दिवस पर दी शानदार प्रस्तुतियां
पौड़ी गढ़वाल, 09 मई (हि.स.)। गोविंद बल्लभ पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी के दो दिवसीय स्थापना दिवस का आयोजन किया गया। स्थापना दिवस का शुभारंभ तकनीकी शिक्षा मंत्री डा.धन सिंह रावत ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दी।
शनिवार को स्थापना दिवस का शुभारंभ करते हुए डा.धन सिंह रावत ने कहा कि तकनीकी शिक्षा मंत्री का पदभार संभालने के बाद अभी तक तीन बार तकनीकी शिक्षा को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।
बताया कि 38 साल बाद इस संस्थान का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। कहा कि यहां पर बच्चों के लिए बेहतर हॉस्टल की व्यवस्था की जाएगी। पैकल्टी के जल्द ही प्रमोशन किए जाएंगे। संस्थान में बच्चों के लिए ओपन जिम, पुस्तकालय को आधुनिक बनाया जाएगा। कहा कि यहां पर बच्चों के लिए स्टेडियम निर्माण भी किया जाएगा। इस संस्थान में हर व्यवस्थाएं सुधारने का काम किया जाएगा। घुड़दौड़ी को देश का टॉप संस्थान बनाए जाने को लेकर काम किया जाएगा।
कहा कि हर साल यहां पर पुरातन छात्र समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरी। बताया गया कि संस्थान के लिए हिन्दी, अंग्रेज़ी, गढ़वाली एवं कुमाऊँनी भाषाओं में आधारित एक बहुभाषीय एआई चेटबोट विकसित किया गया है। संस्थान प्रशासन ने इस उपलब्धि पर सभी छात्र-छात्राओं एवं मार्गदर्शक शिक्षक को शुभकामनाएं देते हुए इसे तकनीक और लोक संस्कृति के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
यह कार्य कंप्यूटर साइंस एवं एप्लीकेशंस विभाग के सहायक अध्यापक कुंवर दीप नारायण के मार्गदर्शन में हुआ। इस मौके पर संस्थान के निदेशक डा.वीके बंगा, रजिस्टार संदीप कुमार, डीन, प्रशिक्षण व प्लेसमेंट, डा. केएस. भाटिया, डा. केकेएस मेर, डा. संजय गैरोला, डा.एमके अग्रवाल आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

