आशाओं ने न्यूनतम वेतन, पेंशन और नियमितीकरण की मांग को लेकर शुरू किया आंदोलन
नैनीताल, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखण्ड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को प्रदेशभर के साथ नैनीताल जनपद मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। बताया गया कि यूनियन ने सितंबर माह के प्रत्येक मंगलवार को संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राजकीय चिकित्सालय एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर धरना-प्रदर्शन जारी रखने का निर्णय लिया है। मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई है।
इस दौरान यूनियन की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को सौंपा गया, जिसमें कहा गया है कि प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं को न्यूनतम वेतन और कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया जा रहा है। यूनियन का कहना है कि आशा कार्यकर्ता मातृ-शिशु सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन उनके काम के अनुरूप उन्हें पारिश्रमिक और सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल रहा है।
ज्ञापन में यूनियन ने 31 अगस्त 2021 को खटीमा स्थित मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय में हुई वार्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय आशाओं के लिए मासिक मानदेय निर्धारित करने तथा डीजी हेल्थ उत्तराखंड के प्रस्ताव के अनुसार 11,500 रुपये प्रतिमाह मानदेय देने का आश्वासन दिया गया था।
यूनियन का कहना है कि इस आश्वासन को पांच वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक इसे लागू नहीं किया गया है। यूनियन ने मांग की है कि जब तक पेंशन की व्यवस्था नहीं होती, तब तक सेवानिवृत्ति के समय प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को 10 लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि देने की घोषणा की जाए। ज्ञापन में विभिन्न मदों में मिलने वाली धनराशि का भुगतान कई-कई महीने लंबित रखने के बजाय प्रत्येक माह करने व प्रशिक्षण और पल्स पोलियो अभियान के दौरान आशाओं को प्रतिदिन 500 रुपये का भुगतान करने की मांग की गई।
इसके साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों में आशाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने के लिए तत्काल निर्देश जारी करने सहित अन्य अनेक मांगें भी की मांग की गई है। ज्ञापन भेजने वालों में प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल, चंद्रा सती, लीला पांडे, चंपा बिष्ट, सरिता बिष्ट, गंगा, प्रेमा अधिकारी, बबीता, शांति, हेमा, सीमा, लीला, पूनम, हेमा, प्रभा व नीरू पुजारी आदि शामिल रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

