home page

आदि कर्मयोगी अभियान के तहत प्रथम गांव माणा में जन सुनवाई शिविर

 | 
आदि कर्मयोगी अभियान के तहत प्रथम गांव माणा में जन सुनवाई शिविर


ज्योतिर्मठ, 14 अगस्त (हि.स.)। जनजाति कल्याण विभाग द्वारा आदिकर्म योगी अभियान के तहत विकासखंड जोशीमठ के प्रथम गांव माणा में जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ ही ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याओं एवं शिकायतों को भी सुना गया। जनसुनवाई शिविर में कुल 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में 16 विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग कर ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, सेवाओं एवं पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई।

अपर जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्षवर्धन भट्ट ने बताया कि जनजातीय समुदाय की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाएगा। प्राप्त प्रकरणों की प्रत्येक 15 दिवस में समीक्षा करते हुए उनके निस्तारण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। शिविर में आदि सेवा केंद्र के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न सेवाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। इस अवसर पर ग्राम प्रधान माणा, महिला मंगल दल अध्यक्ष, क्षेत्र पंचायत सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए ऐसे जनसुनवाई शिविरों को प्राथमिकता दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण