home page

आईटीआई रोशनाबाद में उद्यमिता विकास कार्यक्रम, 100 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया प्रशिक्षण

 | 
आईटीआई रोशनाबाद में उद्यमिता विकास कार्यक्रम, 100 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया प्रशिक्षण


हरिद्वार, 25 सितंबर (हि.स.)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) रोशनाबाद में जिला उद्योग केंद्र, हरिद्वार एवं मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना स्पोक सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में उद्यमिता विकास एवं ‘वोकल फॉर लोकल’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रेरित करना तथा स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए जरूरी जानकारी उपलब्ध कराना रहा। जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक दिनेश चंद्र आर्य ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और बैंकों से मिलने वाली कोलेट्रल-फ्री ऋण सुविधा के बारे में भी बताया।

एमयूवाई के इन्क्यूबेशन मैनेजर योगेंद्र चौहान ने विद्यार्थियों को ब्रांडिंग, पैकेजिंग, मार्केटिंग, मार्केट लिंकेज और बिजनेस डेवलपमेंट की व्यावहारिक जानकारी दी। बिजनेस प्लानिंग एंड डेवलपमेंट एक्सपर्ट राव आस्कर अली ने प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने, वित्तीय सहायता, उद्यम एवं जीएसटी पंजीकरण, ट्रेडमार्क और अन्य कानूनी अनुपालनों की जानकारी दी।

विद्यार्थियों को स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और रोजगार मांगने के बजाय रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला