अमृता विश्व विद्यापीठम में ‘दीक्षारंभ’, नए छात्रों ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
हरिद्वार, 19 अगस्त (हि.स.)। अमृता विश्व विद्यापीठम, हरिद्वार कैंपस में नए शैक्षणिक सत्र के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘दीक्षारंभ 2026’ स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणपति होमम और पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम में माता अमृतानंदमयी देवी (अम्मा) ने वीडियो संदेश के माध्यम से विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान और पेशेवर दक्षता हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में समझदारी, मानवीय मूल्य और करुणा का विकास करना भी है।
मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार सिंह ने सेना में अपने 44 वर्षों के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने भारत को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने, अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और वैश्विक मंच पर देश की मजबूत स्थिति कायम करने के लिए युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
विशिष्ट अतिथि एवं उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे प्रयासों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन पर प्रकाश डाला। उन्होंने तकनीक और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से व्यक्तिगत स्तर पर सकारात्मक योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास जब सामूहिक रूप से आगे बढ़ते हैं तो समाज और देश में बड़े बदलाव ला सकते हैं।
अमृता अस्पताल, फरीदाबाद के प्रशासनिक निदेशक स्वामी निजामृतानंद पुरी ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए प्रेरणादायक संबोधन किया। कार्यक्रम में हरिद्वार भाजपा मीडिया से जुड़े विवेक तिवारी भी उपस्थित रहे। प्रमोद कृष्णन ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने ‘दीक्षारंभ’ शपथ ली। उन्होंने विनम्रता के साथ ज्ञान अर्जित करने, ईमानदारी के साथ उत्कृष्टता हासिल करने, समाज की सेवा करने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने जिम्मेदार नागरिक और संवेदनशील इंसान बनने की प्रतिबद्धता भी जताई।
कार्यक्रम के अंत में हरिद्वार कैंपस के निदेशक स्वामी विसृतमृत चौतन्य ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

