home page

अभिनेता संजय मिश्रा नैनीताल की सुंदरता मंत्रमुग्ध, कुमाउंनी-गढ़वाली फिल्मों में काम करने की जताई इच्छा

 | 
अभिनेता संजय मिश्रा नैनीताल की सुंदरता मंत्रमुग्ध, कुमाउंनी-गढ़वाली फिल्मों में काम करने की जताई इच्छा


नैनीताल, 03 जून (हि.स.)। बॉलीवुड अभिनेता संजय मिश्रा ने नैनीताल को बेहद खूबसूरत शहर बताते हुए इसकी प्राकृतिक सुंदरता और यहां के लोगों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नैनीताल से उनका विशेष जुड़ाव है और वे भविष्य में भी यहां आते रहना चाहेंगे।

यहां शेरवुड कॉलेज में पढ़ने वाली अपनी पुत्री के कॉलेज के वार्षिकोत्सव में शामिल होने पहुंचे संजय मिश्रा ने कहा कि अभिनय उनके जीवन का जुनून है और वह अपने काम को लगातार बेहतर बनाने का प्रयास करते रहते हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने अपनी पहली बंगाली फिल्म में अभिनय किया है, जिसे दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला है।

अभिनेता ने बताया कि उनकी पुत्री नगर के प्रतिष्ठित शेरवुड कॉलेज में अध्ययनरत हैं। इसका कारण उनका नैनीताल से विशेष लगाव होना भी है। उन्होंने कहा कि नैनीताल की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने के लिए इसे स्वच्छ और व्यवस्थित रखना आवश्यक है।

संजय मिश्रा ने कुमाऊं और गढ़वाल की संस्कृति की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि अवसर मिला तो वह कुमाउनी और गढ़वाली फिल्मों में भी अभिनय करना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सिनेमा भारतीय संस्कृति और लोकजीवन को सशक्त रूप से प्रस्तुत करने का माध्यम है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी